पत्नी से विवाद के बाद ऑटो चालक ने की आत्महत्या, पेड़ से लटका मिला शव

गाजियाबाद। थाना वेव सिटी क्षेत्र में रविवार सुबह एक ऑटो चालक का शव पेड़ से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान अली मोहम्मद (40) पुत्र मोहम्मद बख्श के रूप में हुई है। वह मूल रूप से फर्रुखाबाद/कन्नौज का रहने वाला था और वर्तमान में ग्राम बम्हेटा में किराए के मकान में परिवार के साथ रहकर ऑटो चलाकर अपना जीवनयापन करता था।जानकारी के अनुसार, अली मोहम्मद का पिछले दो दिनों से अपनी पत्नी के साथ घरेलू विवाद चल रहा था। परिजनों ने बताया कि पति-पत्नी के बीच लगातार कहासुनी और तनाव बना हुआ था। रविवार तड़के उसका शव दासना स्थित आईएमएस के पास कब्रिस्तान में एक पेड़ से लटका मिला। शव के पास ही उसका ऑटो भी खड़ा मिला, जिससे स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया। आसपास के लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही थाना वेव सिटी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पेड़ से नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौके से आवश्यक साक्ष्य भी जुटाए गए हैं और परिजनों से पूछताछ की गई।पुलिस की प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में पारिवारिक कलह आत्महत्या का संभावित कारण सामने आया है। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस का कहना है कि यदि जांच के दौरान कोई नया तथ्य सामने आता है तो उसके आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *