
आज दिनांक 20 जुलाई 2026 को प्राथमिक विद्यालय झुंडपुरा, विकासखंड रजापुर, जनपद गाजियाबाद में स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया। यह अभियान समाजसेवी नदीम एवं शिक्षामित्र संगठन के जिला अध्यक्ष रिजवान राणा के नेतृत्व में चलाया गया।कुछ दिन पहले विद्यालय के मुख्य द्वार के पास अत्यधिक गंदगी और लंबी-लंबी घास के बीच सांप-नाग का जोड़ा देखा गया था। इससे यह आशंका भी थी कि जहरीले कीड़े-मकोड़े या अन्य खतरनाक जीव भी वहां छिपे हो सकते हैं, जो विद्यालय आने वाले बच्चों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बन सकते थे। इसी को ध्यान में रखते हुए बच्चों की सुरक्षा, स्वच्छ वातावरण और बेहतर स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए विद्यालय परिसर एवं आसपास व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया।

इस अभियान में समाजसेवियों, शिक्षामित्रों और श्रमिकों ने मिलकर घास की सफाई, कूड़ा-कचरा हटाने तथा परिसर को स्वच्छ बनाने का कार्य किया। साथ ही विद्यालय की रंगाई-पुताई का कार्य भी प्रगति पर है, जिससे बच्चों को एक सुंदर, सुरक्षित और प्रेरणादायक शिक्षण वातावरण मिल सके।हम सभी को यह संकल्प लेना चाहिए कि स्वच्छता केवल सरकार या किसी एक संस्था की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक का कर्तव्य है। एक अच्छे नागरिक की पहचान यही है कि जहां भी गंदगी दिखाई दे, वहां अपनी क्षमता के अनुसार श्रमदान और सहयोग अवश्य करें।यदि हमें बेहतर स्वास्थ्य, बेहतर शिक्षा और उज्ज्वल भविष्य चाहिए, तो सरकार द्वारा चलाए जा रहे स्वच्छता और जनहित के अभियानों में सक्रिय भागीदारी निभानी होगी। आइए, हम सभी मिलकर अपने विद्यालय, अपने गांव, अपने शहर और अपने देश को स्वच्छ, सुरक्षित और सुंदर बनाने का संकल्प लें।

