दलित प्रदर्शन के दौरान हिरासत में लिए गए रवि गौतम ने बंदी वाहन में फांसी लगाने का किया प्रयास

मेरठ (उत्तर प्रदेश): दलित छात्रा ललिता गौतम हत्याकांड को लेकर हुए प्रदर्शन के दौरान हिरासत में लिए गए रवि गौतम ने बंदी वाहन के अंदर कथित तौर पर गमछे के सहारे फांसी लगाने का प्रयास किया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिसकर्मियों ने तत्काल हस्तक्षेप कर उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला और आवश्यक चिकित्सकीय परीक्षण कराया।रवि गौतम को उस समय हिरासत में लिया गया था, जब पुलिस के अनुसार वह प्रदर्शन के दौरान भीड़ को उकसाने और कानून-व्यवस्था प्रभावित करने का प्रयास कर रहा था। इससे पहले प्रदर्शनकारियों ने कलक्ट्रेट का गेट बंद कर बॉयफ्रेंड के परिवार के सदस्यों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर कई घंटों तक धरना दिया था। पुलिस द्वारा समझाने के कई प्रयासों के बाद भी प्रदर्शन समाप्त नहीं हुआ, जिसके चलते हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को हटाया गया और कई लोगों को हिरासत में लिया गया।इसी घटनाक्रम के दौरान एक वीडियो भी सामने आया, जिसमें वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) रवि गौतम को थप्पड़ मारते हुए दिखाई दे रहे हैं। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की ओर से आधिकारिक बयान का इंतजार है।फिलहाल रवि गौतम की हालत सामान्य बताई जा रही है। पूरे मामले की जांच की जा रही है और पुलिस का कहना है कि कानून-व्यवस्था भंग करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस के अनुसार, रवि गौतम नामक व्यक्ति भीड़ को उकसाकर बलवा कराने का प्रयास कर रहा था, जिसके चलते उसे पुलिस ने कस्टडी में लिया है।गौरतलब है कि ललिता गौतम हत्याकांड में पहले ही मृतका के बॉयफ्रेंड समेत कई आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *