गाजियाबाद बारिश से बेहाल: भोपुरा चौक जलमग्न, नाला ओवरफ्लो से यातायात ठप

गाजियाबाद: लगातार हो रही बारिश के बाद गाजियाबाद के भोपुरा क्षेत्र में जलभराव की गंभीर समस्या सामने आई है। नाला ओवरफ्लो होने के कारण भोपुरा चौक पूरी तरह पानी में डूब गया, जिससे यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ और कई वाहनों की आवाजाही बंद हो गई। सड़क पर कई फीट तक पानी भर जाने से लोगों को आने-जाने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

बारिश का सबसे अधिक असर डीएलएफ कॉलोनी, पप्पू कॉलोनी, छावड़ा कॉलोनी, विक्रम एन्क्लेव, शालीमार गार्डन एक्सटेंशन, राजेंद्र नगर, दिल्ली वजीराबाद रोड तथा शालीमार गार्डन एम-टाइप क्षेत्र में देखने को मिला। 80 फुटा रोड का नाला ओवरफ्लो होने से आसपास की कॉलोनियों में भी पानी भर गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि टिला मोड़ क्षेत्र का बारिश का पानी भी इसी नाले में आता है, जिसके कारण जल निकासी व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई।

वहीं तुलसी निकेतन क्षेत्र भी जलमग्न हो गया है। कई घरों में पानी घुसने से लोग अपने घरों में ही कैद होकर रह गए हैं। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से जल्द जलनिकासी की व्यवस्था कराने और स्थायी समाधान निकालने की मांग की है, ताकि हर वर्ष बरसात के दौरान होने वाली इस समस्या से लोगों को राहत मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *